नमो घाट पहुंचे उपराष्ट्रपति और सीएम, काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का भव्य शुभारंभ, गंगा किनारे उत्तर-दक्षिण की संस्कृतियों का संगम 

WhatsApp Channel Join Now

12 दिसंबर तक चलेगा आयोजन, तमिलनाडु के 1750 प्रतिनिधि सात समूहों में पहुंचेंगे काशी

50 से अधिक स्टॉलों पर दिखेगी तमिलनाडु और बनारस की विरासत, भाषा की दीवार तोड़कर दिलों को जोड़ने की पहल

वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के तीन हजार विद्यार्थियों तक पहुंचेगा तिरुक्कुरल का ज्ञान

वाराणसी। गंगा की लहरों पर बहती आध्यात्मिकता, घाटों पर गूंजते हर-हर महादेव के उद्घोष और दक्षिण भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का संगम...। नमो घाट शनिवार को उत्तर और दक्षिण भारत की साझा विरासत का साक्षी बना। मौका था काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण के भव्य शुभारंभ का। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आयोजन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

काशी तमिल संगमम-5.0 इस बार केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान तक सीमित नहीं है, बल्कि तमिल साहित्य के महान ग्रंथ तिरुक्कुरल के ज्ञान को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी बनेगा। इसकी थीम 'तिरुक्कुरल पयिलवोम' यानी 'तिरुक्कुरल का अभ्यास करें' रखी गई है। संत कवि तिरुवल्लुवर द्वारा रचित यह कालजयी ग्रंथ नैतिकता, जीवन मूल्यों और सदाचरण की सीख देता है। इसी के संदेशों को उत्तर भारत के विद्यार्थियों तक पहुंचाने की विशेष पहल की गई है।

नमो घाट पर सजे आयोजन स्थल पर 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें तमिलनाडु और काशी की कला, संस्कृति, खानपान, हस्तशिल्प, खिलौने, बर्तन और पारंपरिक वस्त्रों की झलक देखने को मिल रही है। एक तरफ दक्षिण भारत के पारंपरिक उत्पाद हैं तो दूसरी तरफ बनारस की पहचान से जुड़े सामान। इन स्टॉलों के माध्यम से दोनों क्षेत्रों के उत्पादों और सांस्कृतिक विशेषताओं को एक-दूसरे तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

सात समूहों में आएंगे 1750 प्रतिनिधि, 12 दिसंबर को होगा समापन
काशी तमिल संगमम में तमिलनाडु से सात समूहों में कुल 1750 प्रतिनिधियों के आने का कार्यक्रम है। प्रत्येक समूह में 250 सदस्य शामिल होंगे। आयोजन का समापन 12 दिसंबर को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। इससे पहले तमिलनाडु से आए 200 विद्यार्थियों के पहले समूह का काशी में भव्य स्वागत किया गया। शनिवार सुबह उन्हें श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन कराया गया। इसके बाद प्रतिनिधियों ने काशी के प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया और मुख्य आयोजन में शामिल होने नमो घाट पहुंचे।

तीन शहरों के तीन हजार विद्यार्थियों तक पहुंचेगा तिरुक्कुरल
इस बार आयोजन की सबसे खास पहल तमिल साहित्य और ज्ञान परंपरा को विद्यार्थियों से जोड़ना है। इसके लिए तमिलनाडु से हिंदी भाषा के जानकार 50 शिक्षक उत्तर प्रदेश पहुंचे हैं। ये शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल की शिक्षाओं से परिचित कराएंगे।

शिक्षकों को तीन शहरों में तैनात किया गया है। वाराणसी में 20, प्रयागराज में 15 और अयोध्या में 15 शिक्षक विद्यार्थियों के बीच पहुंचेंगे। इस पहल से करीब तीन हजार विद्यार्थियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके जरिए विद्यार्थी तमिल साहित्य, भाषा और जीवन मूल्यों की उस परंपरा को समझ सकेंगे, जिसकी पहचान सदियों से दक्षिण भारत की सांस्कृतिक विरासत में रही है।

बीएचयू और आईआईटी बीएचयू निभा रहे अहम भूमिका
काशी हिंदू विश्वविद्यालय और आईआईटी बीएचयू इस आयोजन के प्रमुख साझेदार हैं। दोनों संस्थान शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने से लेकर उनके संचालन तक में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन के जरिए भाषा, साहित्य, ज्ञान-विज्ञान और सांस्कृतिक परंपराओं को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।

एक भारत-श्रेष्ठ भारत की जीवंत तस्वीर
काशी तमिल संगमम का उद्देश्य उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। यह आयोजन दोनों क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे की भाषा, खानपान, साहित्य, कला और जीवनशैली को करीब से जानने का अवसर देता है। नमो घाट पर सजे मंच से लेकर स्कूलों में होने वाली तमिल साहित्य की कक्षाओं तक, इस बार संगमम का संदेश साफ है—भाषाएं अलग हो सकती हैं, लेकिन भारतीय संस्कृति की आत्मा एक है।

BK Pathak
BK Pathak

22072 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story