कथित ‘कॉर्पोरेट लव जिहाद’ के विरोध में वाराणसी में विहिप का प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कथित “कॉर्पोरेट लव जिहाद” और धर्मांतरण से जुड़े मुद्दों को लेकर शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को रखा।

विहिप के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि देश में संगठित रूप से धर्मांतरण की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब यह मुद्दा कॉर्पोरेट क्षेत्र तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। ज्ञापन में बहुराष्ट्रीय कंपनियों का जिक्र करते हुए दावा किया गया कि वहां भी इस तरह की गतिविधियों की खबरें सामने आ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।

123

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से युवतियों को गुमराह कर धर्मांतरण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए। विहिप कार्यकर्ताओं ने मांग की कि धर्मांतरण और कथित लव जिहाद जैसे मामलों में कठोर कानून बनाए जाएं और दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान संगठन के महानगर अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि यह केवल सामाजिक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर का गंभीर विषय बन चुका है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता पर लेते हुए त्वरित जांच और कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। प्रदर्शन के बाद विहिप कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आगे और व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

Share this story