तरना फ्लाईओवर के नीचे बनेगा वेंडिंग और गेमिंग जोन, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
वाराणसी। शहरी विकास को नई दिशा देते हुए सरकार ने फ्लाईओवर के नीचे के अनुपयोगी स्थानों को उपयोगी और आकर्षक बनाने की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है। इसी क्रम में एयरपोर्ट रोड स्थित तरना क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे आधुनिक गेमिंग और वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा। इस पहल से शहरवासियों को जहां मनोरंजन की नई सुविधाएं मिलेंगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
स्मार्ट सिटी परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित गेमिंग जोन में इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, पिकल बॉल और स्केटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन खेल सुविधाओं से बच्चों और युवाओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक वातावरण में खेलकूद का अवसर मिलेगा। इससे न केवल उनकी फिटनेस को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि खेलों के प्रति रुचि भी विकसित होगी।
परियोजना के तहत फ्लाईओवर के नीचे वेंडिंग जोन भी स्थापित किया जाएगा, जहां स्थानीय स्ट्रीट वेंडर्स और छोटे व्यापारियों को व्यवस्थित रूप से दुकानें लगाने की सुविधा दी जाएगी। यहां आने वाले लोग विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। यह कदम खासतौर पर छोटे कारोबारियों के लिए लाभकारी साबित होगा, क्योंकि उन्हें स्थायी आजीविका का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही, फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग की सुविधा भी विकसित करने की योजना है, जिससे क्षेत्र में ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाया जा सकेगा। अक्सर शहर में पार्किंग की कमी के कारण जाम की स्थिति बनती है, ऐसे में यह पहल यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में मददगार होगी। आमतौर पर फ्लाईओवर के नीचे के स्थान उपेक्षित और अव्यवस्थित रहते हैं, जहां कचरा जमा हो जाता है या असामाजिक गतिविधियां पनपती हैं। लेकिन इस योजना के माध्यम से इन स्थानों का सौंदर्यीकरण कर उन्हें सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बनाया जाएगा। यह पहल न केवल शहरी संसाधनों के बेहतर उपयोग का उदाहरण होगी, बल्कि समावेशी विकास को भी बढ़ावा देगी। साथ ही, रोजगार सृजन और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

