राजघाट पुल पर आज रात 10 बजे से वाहनों का आवागमन रहेगा बंद, 60 दिनों तक होगी मरम्मत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चंदौली और वाराणसी को जोड़ने वाले राजघाट पुल पर मरम्मत कार्य के चलते आज रात 10 बजे से वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से पुल की बेयरिंग बदलने का कार्य शुरू किया जाएगा, जो रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक चलेगा।

यातायात पुलिस के अनुसार 14 जून से 13 अगस्त तक प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक पुल पर मरम्मत कार्य होगा। इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। सुबह 6 बजे के बाद आवागमन सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।

एडीसीपी यातायात अंशुमान मिश्रा ने बताया कि पुल के अंतिम रूप से दिए गए प्लान के आधार पर डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी। मरम्मत अवधि में मुगलसराय की ओर जाने वाले वाहनों को कटेसर तिराहा से रामनगर-सामनेघाट पुल और डाफी हाईवे की ओर निकाला जाएगा। वहीं पड़ाव से आने वाले वाहनों को रिंग रोड फेज-3 और रामनगर-सामनेघाट पुल के रास्ते भेजा जाएगा।

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि मरम्मत कार्य के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Share this story