इंग्लिशिया लाइन से सीधे कैंट जाएंगे वाहन, चौकाघाट नाइट मार्केट का होगा सर्वे

नले
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। इंग्लिशिया लाइन से कैंट मार्ग के निर्माण को तोड़कर सीधा रास्ता बनाने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए नगर निगम की ओर से जल्द ही चौकाघाट फ्लाईओवर के नीचे नाइट बाजार का सर्वे किया जाएगा। वेंडर की संख्या घटाकर यातायात को सुगम किया जाएगा। वहीं पार्किंग एरिया का दायरा भी बढ़ाया जाएगा। 

नगर निगम की पिछले दिनों हुई मीटिंग में नाइट मार्केट का मुद्दा उठा था। यहां यातायात की समस्या को ध्यान में रखते हुए तय किया गया था कि पुलिस प्रशासन, नगर निगम, वीडीए, यातायात विभाग और स्मार्ट सिटी के अधिकारी इसका निरीक्षण करेंगे। इसकी एक सर्वे रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसमें यह देखा जाएगा कि वर्तमान में हुए निर्माण से वहां किस प्रकार की बाधा आ रही है। 

इंग्लिशिया लाइन से कैंट जाने के लिए अभी लोगों को यू-टर्न लेना पड़ता है। पहले लोग सीधे जाते थे। स्मार्ट सिटी की ओर से फ्लाईओवर के नीचे नाइट मार्केट विकसित किए जाने के बाद जाम की समस्या बढ़ गई है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बताया कि इंग्लिशिया लाइन से कैंट जाने के लिए यू-टर्न की बजाय सीधा रास्ता बनाने पर विचार किया जा रहा है। नाइट मार्केट को लेकर यातायात विभाग से बात कर आगे की व्यवस्था की जाएगी।

Share this story