VDA की OTS-2026 योजना शुरू, बकायेदारों को दंड ब्याज से मिलेगी पूरी राहत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। विकास प्राधिकरण ने संपत्ति और मानचित्र से जुड़े बकायेदारों को राहत देने के उद्देश्य से एकमुश्त समाधान योजना (OTS-2026) लागू करने की घोषणा की है। यह योजना उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर शुरू की जा रही है, जिसका उद्देश्य ऐसे आवंटियों और भू-स्वामियों को राहत प्रदान करना है, जो समय पर अपनी किस्तों का भुगतान नहीं कर सके हैं।

इस योजना के तहत डिफॉल्टर्स को बड़ा फायदा मिलेगा। बकाया राशि पर लगने वाला दंड ब्याज पूरी तरह माफ कर दिया जाएगा, जबकि लाभार्थियों को केवल साधारण ब्याज का भुगतान करना होगा। इससे बकायेदारों पर आर्थिक बोझ काफी हद तक कम हो जाएगा और वे आसानी से अपने बकाया का निस्तारण कर सकेंगे।

योजना को और आकर्षक बनाते हुए वीडीए ने एक अतिरिक्त प्रावधान भी किया है। यदि कोई आवंटी अपनी पूरी बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान करता है, तो उसे कुल देय राशि पर 3 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। यह सुविधा उन लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगी, जो एक बार में पूरा भुगतान कर अपना खाता साफ करना चाहते हैं।

यह योजना 18 अप्रैल 2026 से सीमित अवधि के लिए प्रभावी रहेगी। प्राधिकरण ने सभी पात्र आवंटियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए जल्द से जल्द अपने बकाया का भुगतान करें। इच्छुक आवंटी योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण की वेबसाइट https://vdavns.com/ पर जाकर आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए प्राधिकरण कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।

Share this story