वाराणसी में VDA की ऑनलाइन एनओसी सेवा शुरू, अब घर बैठे करें आवेदन
वाराणसी। विकास कार्यों को और सुगम बनाने की दिशा में वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने एक नई पहल की है। अब नागरिकों को एनओसी (No Objection Certificate) के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, क्योंकि यह सुविधा ऑनलाइन शुरू कर दी गई है।
वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के निर्देश पर शुरू की गई इस सेवा के तहत लोग घर बैठे ही विभिन्न परियोजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए आवेदकों को वीडीए की आधिकारिक वेबसाइट www.vdavns.com और noc.vdavns.com पर जाकर सरल प्रक्रिया के माध्यम से आवेदन करना होगा।
इस नई व्यवस्था के अंतर्गत नागरिक धारा 80, लेआउट, बार, सराय, पेट्रोल पंप, पेट्रोल गोदाम आदि से संबंधित एनओसी के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होने से पारदर्शिता बढ़ेगी और समय की भी बचत होगी।
इसके अलावा, आवेदक अपने आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे, जिससे प्रक्रिया और अधिक सुविधाजनक हो गई है। इस पहल से आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

