होटल, गेस्ट हाउस और मैरिज लॉन पर VDA की नजर, कल से शुरू होगा विशेष सत्यापन अभियान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में जनसुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने के लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण द्वारा 22 जून से जनपद के सभी होटल, गेस्ट हाउस, मैरिज लॉन, पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास तथा अन्य आतिथ्य प्रतिष्ठानों का विशेष सर्वेक्षण अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के दौरान भवन निर्माण नियमों, अग्नि सुरक्षा मानकों और अन्य आवश्यक अनुमतियों की व्यापक जांच की जाएगी।

वीडीए के अनुसार यह अभियान उत्तर प्रदेश भवन निर्माण एवं विकास उपविधियां-2025 तथा अन्य प्रासंगिक नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जाएगा। सर्वेक्षण टीम विभिन्न प्रतिष्ठानों में भवन के स्वीकृत मानचित्र, भूमि उपयोग की वैधता और भवन निर्माण संबंधी नियमों के पालन की जांच करेगी।

इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अग्निशमन विभाग द्वारा जारी फायर एनओसी (Fire NOC) की उपलब्धता एवं वैधता का भी परीक्षण किया जाएगा। टीम यह भी जांच करेगी कि प्रतिष्ठानों में फायर अलार्म, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग (इमरजेंसी एग्जिट) और फायर फाइटिंग सिस्टम जैसी सुरक्षा व्यवस्थाएं कार्यशील स्थिति में हैं या नहीं।

सर्वेक्षण के दौरान भवनों की संरचनात्मक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन संबंधी प्रावधानों और प्रतिष्ठानों की स्वीकृत क्षमता एवं उपयोग की भी समीक्षा की जाएगी। वीडीए ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी प्रतिष्ठान में नियमों का उल्लंघन, सुरक्षा मानकों की कमी अथवा आवश्यक अनुमतियों का अभाव पाया जाता है तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

प्राधिकरण ने सभी होटल, गेस्ट हाउस, मैरिज लॉन और पीजी संचालकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों से संबंधित सभी अभिलेख, स्वीकृत मानचित्र, फायर एनओसी, पार्किंग व्यवस्था और अन्य आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा सर्वेक्षण टीम को पूरा सहयोग दें। वीडीए के अनुसार यह विशेष अभियान शहर में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और मानकानुरूप आतिथ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और वाराणसी आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

Share this story