वरूणा नदी के पास बने अवैध निर्माण पर चला VDA का बुलडोजर, मचा हड़कंप

वाराणसी। विकास प्राधिकरण ने जोन-2, वार्ड सारनाथ अंतर्गत पुलकोना दनियालपुर क्षेत्र में एक अवैध निर्माण पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ध्वस्त कर दिया। वरूणा नदी के समीप बने निर्माण को अवैध मानते हुए कार्रवाई की गई। इससे खलबली मची रही।
प्राधिकरण के अनुसार, पुराना पुल के निकट वरुणा नदी से मात्र 50 मीटर की दूरी पर सुक्खू नामक व्यक्ति द्वारा लगभग 75 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अनाधिकृत प्लाटिंग और निर्माण कार्य किया गया था। यह निर्माण बिना किसी वैधानिक स्वीकृति के किया गया था, जिसे विधि अनुसार अवैध मानते हुए तत्काल ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
इस अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी श्रीप्रकाश ने किया। उनके साथ अवर अभियंता वर्तिका दुबे, प्रवर्तन दल, समस्त सुपरवाइज़र और पुलिस बल की मौजूदगी रही। मौके पर पूरी सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया गया।