वाराणसी में वरूणा का रौद्र रूप, नक्कीघाट में घरों तक पहुंचा बाढ़ का पानी, सुरक्षित ठिकानों की ओर पलायन शुरू

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच अब सहायक नदी वरुणा ने भी तटवर्ती इलाकों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नक्कीघाट और आसपास के क्षेत्रों में वरुणा का जलस्तर तेजी से बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदी का पानी तटवर्ती घरों तक पहुंच गया है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। कई परिवार अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हो गए हैं।

123

स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में वरुणा नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। पानी बढ़ने के साथ ही निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों की परेशानी बढ़ती जा रही है। घरों के आसपास जलभराव होने से दैनिक जरूरतों के लिए आवागमन भी प्रभावित हो गया है। लोगों को अपने सामान और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की चिंता सता रही है।

123

नक्कीघाट क्षेत्र में वरुणा का पानी बढ़ने के साथ उसका प्रवाह भी तेज नजर आ रहा है। तट के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि पानी जिस तेजी से बढ़ रहा है, उससे आने वाले समय में स्थिति और गंभीर होने की आशंका है। लोगों ने प्रशासन से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

उधर, वाराणसी में गंगा का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है और वह चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच चुका है। गंगा में बढ़ोतरी का असर उसकी सहायक नदी वरुणा पर भी दिखाई दे रहा है। प्रशासन की ओर से तटवर्ती क्षेत्रों पर निगरानी बढ़ाई गई है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।

Share this story