वाराणसी के नए पुलिस कमिश्नर किरण एस. ने पदभार संभालने के बाद काशी कोतवाल के दरबार में लगाई हाजिरी, शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए मांगा आशीर्वाद
वाराणसी। नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर आईपीएस किरण एस. ने पदभार संभालने के बाद काशी कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में हाजिरी लगाई। उन्होंने बाबा के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। काशी की शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रार्थना की।

काशी की परंपरा के अनुसार, यहां आने वाले अधिकारी अपने कार्यकाल की शुरुआत बाबा काल भैरव के दर्शन-पूजन से करते हैं। बाबा काल भैरव को काशी का कोतवाल माना जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए पुलिस कमिश्नर मंदिर पहुंचे और बाबा के समक्ष मत्था टेककर पूजा की। इस दौरान मंदिर के पुजारियों ने उन्हें प्रसाद और रक्षा सूत्र भेंट किया। उनके साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

बताया जा रहा है कि बाबा काल भैरव का आशीर्वाद लेने के बाद पुलिस कमिश्नर ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कीं। उन्होंने जाम की समस्या, जुआ-सट्टा, साइबर ठगी और भू-माफिया जैसी गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने की बात कही।

