शिवपुर रेलवे स्टेशन पर शुरू हुआ वाराणसी-लखनऊ शटल का ठहराव, मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। वरुणापार क्षेत्र के लोगों के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा, जब वाराणसी से लखनऊ जाने वाली शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस का शिवपुर रेलवे स्टेशन पर आधिकारिक ठहराव शुरू हो गया। इस सुविधा का उद्घाटन प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने किया। उन्होंने शुक्रवार सुबह 6:07 बजे वाराणसी-लखनऊ शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस को शिवपुर रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए रवाना किया।

 

अब ट्रेन संख्या 20401 (वाराणसी से लखनऊ) और ट्रेन संख्या 20402 (लखनऊ से वाराणसी) दोनों का ठहराव शिवपुर रेलवे स्टेशन पर होगा। इससे वरुणापार क्षेत्र के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अब वाराणसी कैंट या अन्य स्टेशनों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

123

बताया जाता है कि इस ट्रेन के शिवपुर स्टेशन पर ठहराव को लेकर स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी। क्षेत्रीय जनता की इस मांग को देखते हुए मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने इस संबंध में लगातार प्रयास किए और इस मुद्दे को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष रखा। इसके बाद रेल मंत्रालय द्वारा शिवपुर स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव को मंजूरी दी गई।

 

इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। ट्रेन के ठहराव शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल देखा गया और उन्होंने इस पहल के लिए सरकार व जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।

Share this story