वाराणसी जोन पुलिस की बड़ी उपलब्धि : 100 दिन में 3881 गुमशुदा मोबाइल बरामद, कीमत 8.14 करोड़
नौ जिलों की पुलिस टीमों ने सीईआईआर पोर्टल पर मिली शिकायतों के आधार पर की कार्रवाई
सितंबर में मोबाइल रिकवरी में पूरे प्रदेश में जोन को मिला पहला स्थान
वाराणसी। वाराणसी जोन पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के तहत महज 100 दिनों में 3881 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ 14 लाख रुपये बताई गई है। एक अगस्त से सात नवंबर तक चले इस अभियान में जोन के सभी नौ जिलों की पुलिस टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने बताया कि केंद्र सरकार के संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग की ओर से विकसित सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर मोबाइल फोन की तलाश की गई। पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता और सर्विलांस के जरिए मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित धारकों को सौंपे।
जिलेवार बरामदगी के आंकड़ों में जौनपुर सबसे आगे रहा। यहां 949 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा आजमगढ़ में 783, सोनभद्र में 436, गाजीपुर में 379, मऊ में 365, चंदौली में 285, बलिया में 244, मिर्जापुर में 224 और भदोही में 216 मोबाइल फोन बरामद हुए। सभी नौ जिलों की बरामदगी मिलाकर यह संख्या 3881 पहुंच गई।
एडीजी ने बताया कि सितंबर महीने के मोबाइल रिकवरी स्कोर के आंकड़ों में वाराणसी जोन ने उत्तर प्रदेश के सभी जोन को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि जोन की पुलिस टीमों के समन्वित प्रयास और तकनीकी दक्षता का परिणाम है।
मोबाइल खोने पर तत्काल दर्ज कराएं शिकायत
एडीजी नवीन अरोरा ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर घबराने के बजाय तत्काल संचार साथी की आधिकारिक वेबसाइट www.sancharsaathi.gov.in पर जाकर सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नजदीकी सीएससी केंद्र, संबंधित थाने या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी प्रार्थनापत्र दिया जा सकता है। उन्होंने लोगों को मोबाइल का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखने की सलाह दी, ताकि फोन की पहचान और बरामदगी में आसानी हो सके।

