वाराणसी : मणिकर्णिका घाट पर गंगा में डूबा युवक, तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मणिकर्णिका घाट क्षेत्र में बुधवार को गंगा में स्नान के दौरान 40 वर्षीय रवि शर्मा डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गंगा में डूबे व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

रवि शर्मा मणिकर्णिका घाट स्थित काली मंदिर क्षेत्र के निवासी थे। वह मंदिर में पूजा-पाठ करते थे। परिजनों के मुताबिक, रवि पिछले करीब नौ से दस दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। बुधवार को वह अपने भाई और पत्नी के साथ मणिकर्णिका घाट पहुंचे थे। बताया गया कि करीब एक से डेढ़ घंटे तक गंगा में स्नान करने के बाद वह धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गए। देखते ही देखते वह पानी में डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो घाट पर हड़कंप मच गया।

परिजनों की सूचना पर पुलिस और जल पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इसके बाद गंगा में उनकी तलाश शुरू की गई। घटना के बाद परिजन घाट पर मौजूद रहे और रवि शर्मा के मिलने का इंतजार करते रहे। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि गंगा में डूबे रवि शर्मा की तलाश की जा रही है। पुलिस और जल पुलिस की टीम उनकी खोजबीन में जुटी हुई है।

Share this story