वाराणसी : किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के सुदामापुर में मंगलवार को एक युवक की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। किराए के मकान में रहने वाले 22 वर्षीय शिवम वर्मा का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। युवक मूल रूप से शिवपुरी का निवासी बताया जा रहा है और वाराणसी में कैटरिंग का काम करता था।

मकान मालिक किरण कुमार प्रजापति के अनुसार, सोमवार रात घर में शादी समारोह होने के कारण परिवार के सभी लोग व्यस्त थे। देर रात घर लौटने के बाद सभी लोग सो गए। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे रेखा राव नाम की युवती शिवम के कमरे पर पहुंची और दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दरवाजे को धक्का देकर खोला गया तो शिवम कमरे में फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मकान मालिक ने तत्काल पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी।

वहीं, रेखा राव ने पुलिस को बताया कि वह शिवम को पिछले करीब आठ महीने से जानती थी। दोनों के बीच मित्रता थी। उसने बताया कि सोमवार रात भी उसने शिवम से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन वह बार-बार फोन काट रहा था। कुछ देर बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। रेखा के मुताबिक शिवम की शादी होने वाली थी और वह किसी निजी परेशानी को लेकर तनाव में था। हालांकि, परेशानी की वास्तविक वजह के बारे में उसे भी जानकारी नहीं थी।
सूचना पर पहुंची भेलूपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। रेखा राव को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। पुलिस युवक के पारिवारिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों की जानकारी जुटाने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

