वाराणसी: पारिवारिक विवाद से आहत युवक ने खाया विषाक्त पदार्थ, उपचार के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर कस्बा निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ खाने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

गौर कस्बा निवासी कान्हा शर्मा (24) पुत्र रामशंकर शर्मा का बुधवार सुबह किसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों से विवाद हो गया। विवाद के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया। बताया जा रहा है कि इसी से क्षुब्ध होकर उसने घर में रखा कोई विषाक्त पदार्थ खा लिया।

कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति नाजुक देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के परिजनों ने बताया कि कान्हा की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उसके परिवार में पत्नी और दो वर्ष की एक बेटी है। वह स्थानीय बाजार में सैलून चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। कान्हा दो भाइयों में सबसे छोटा था और परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा था।

युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां गुड्डी देवी, पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं और शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this story