वाराणसी : योग से रोगमुक्ति की मुहिम, बच्चों, बुजुर्गों और बीमारों के लिए योग साधक का संकल्प

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह एक सम्पूर्ण जीवनशैली है जो तन, मन और आत्मा को संतुलन प्रदान करता है। इसी सोच के साथ गौरव सिंह पिछले 10-15 वर्षों से योग की साधना कर रहे हैं और समाज में नि:स्वार्थ सेवा के भाव से योग को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि वे न केवल खुद योग करते हैं, बल्कि बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी निशुल्क योग सिखाते हैं।

vns

गौरव सिंह ने बताया कि बीपी, मोटापा, सर्वाइकल जैसी समस्याओं से पीड़ित लोगों के लिए योग एक कारगर उपाय है। उनका लक्ष्य ऐसे लोगों को राहत देना है जो महंगे इलाज का खर्च नहीं उठा सकते। उन्होंने बताया कि देशभर में जगह-जगह योग क्लीनिक और अस्पताल खुले हैं, जहां इलाज के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूली जा रही है, यहां तक कि वेंटिलेटर पर रखकर भी लोगों का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। इसके विपरीत, वह अपने स्तर पर बिना किसी शुल्क के योग द्वारा लोगों की मदद कर रहे हैं।

vns

उन्होंने यह भी बताया कि वे पिछले दो से तीन वर्षों से सैदपुर, मिर्जापुर, बनारस के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और अस्पतालों में जाकर नियमित रूप से योग सिखा रहे हैं। खासतौर पर गरीब और असहाय लोगों के लिए यह पहल वरदान साबित हो रही है। उनके अनुसार योग न केवल शारीरिक रोगों को दूर करता है, बल्कि मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) को भी दूर करने में बेहद प्रभावी है।

vns

बच्चों के बीच योग के महत्व पर बात करते हुए गौरव सिंह ने कहा कि आज के समय में बच्चों में एकाग्रता की कमी एक बड़ी चुनौती है। इसके लिए उन्होंने वृक्षासन जैसे योगासनों की मदद से एकाग्रता बढ़ाने के उपाय बताए। मोटापा कम करने के लिए कपालभाति, मधुमेह के लिए मंडूकासन और लंबाई बढ़ाने के लिए ताड़ासन जैसे आसनों की जानकारी दी गई। उनका मानना है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है।

vns

गौरव सिंह ने बताया कि इस प्रेरणा का मूल उनके पिता हैं, जिन्होंने उन्हें सिखाया कि योग को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाओ, विशेषकर उन तक जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं। योग के माध्यम से समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाने की यह पहल लगातार जारी है।

Share this story