वाराणसी : बराबरी पर छूटी एक लाख की इनामी कुश्ती, दंगल में 50 से अधिक जोड़ियों ने दिखाए दांव-पेच

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चिरईगांव विकास खंड के ग्राम पंचायत रैमला स्थित खेल मैदान में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव की स्मृति में विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 50 से अधिक जोड़ी पहलवानों ने अखाड़े में अपने दमखम और कुश्ती कौशल का प्रदर्शन किया। दंगल का मुख्य आकर्षण एक लाख रुपये की इनामी कुश्ती रही, जिसमें पंजाब के पहलवान दिनेश और स्वामीनाथन अखाड़े के सनी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों पहलवानों के भरपूर प्रयास के बावजूद मुकाबला बराबरी पर छूटा।

दंगल का शुभारंभ चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह और विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने दिल्ली के पहलवान प्रिंस तथा स्वामीनाथन अखाड़े के यशवंत गिरी का हाथ मिलवाकर कराया। दोनों के बीच दस मिनट तक रोमांचक मुकाबला चला। प्रिंस ने निकास दांव लगाया तो यशवंत गिरी ने उल्टी दांव से उसका जवाब दिया। इसके बाद यशवंत गिरी ने शाल्तो दांव लगाकर प्रिंस को चित कर दिया और 80 हजार रुपये का इनाम अपने नाम किया।

गया सेठ अखाड़े के पहलवान प्रियांशु ने बाहरी दांव लगाकर महमूदपुर के आशीष को पटखनी दी। वहीं, वीर लोरिक व्यायामशाला गौराकला के ज्ञानी पहलवान ने अहरक के विकास को महज 40 सेकेंड में चरखा दांव लगाकर चित कर दिया।

एक लाख की कुश्ती पर टिकी रहीं दर्शकों की निगाहें
दंगल का सबसे रोमांचक मुकाबला पंजाब के पहलवान दिनेश और स्वामीनाथन अखाड़े के सनी के बीच हुआ। एक लाख रुपये की इनामी इस कुश्ती में दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पछाड़ने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। अखाड़े में ईरानी, धोबिया पछाड़, चरखा और ढांक जैसे दांव-पेच देखने को मिले। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे के हर दांव की काट की। काफी देर तक चले संघर्ष के बाद भी कोई किसी को चित नहीं कर सका और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।

दंगल में हिंद केसरी लालजी पहलवान, मनोहर पहलवान, आकाश मौर्य, संजय मिश्र, राधाकृष्ण, संजय यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अखाड़े में उस्ताद की भूमिका क्षमा पहलवान ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन रामसेवक मास्टर और झगड़ू भइया ने किया। दंगल का आयोजन उमेश यादव की ओर से किया गया था।

BK Pathak
BK Pathak

21826 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story