वाराणसी : विराट कुश्ती दंगल में हुईं कुश्तियां, महिला पहलवानों ने भी दिखाया दमखम, शाम को जोड़ी-गदा-डंबल का प्रदर्शन
वाराणसी। अखाड़ा संस्कृति और पारंपरिक कुश्ती के रंग में रविवार को काशी सराबोर रही। श्री महामृत्युंजय व्यायाम शाला अखाड़ा वृद्धकाल के तत्वावधान में बाबा सिंगार विराट कुश्ती जोड़ी-गदा-डंबल दंगल का भव्य आयोजन किया गया। महामृत्युंजय व्यायाम शाला अखाड़ा परिसर में दोपहर से शुरू हुए दंगल में वाराणसी के विभिन्न प्रमुख अखाड़ों से पहुंचे पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया।
दंगल में सैकड़ों जोड़ कुश्तियां हुईं। पहलवानों के दांव-पेंच और दमखम ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस दौरान महिला पहलवानों ने भी अखाड़े में उतरकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। महिला पहलवानों की कुश्ती को देखने के लिए दर्शकों में विशेष उत्साह रहा और उनके प्रदर्शन की जमकर सराहना की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु गुरु’ रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव मौजूद रहे। अतिथियों ने पारंपरिक कुश्ती और अखाड़ा संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।

जोड़ी-गदा-डंबल के करतब ने बांधा समां
शाम छह बजे से महामृत्युंजय व्यायाम शाला के बाहर अस्थायी अखाड़ा तैयार कर जोड़ी, गदा और डंबल दंगल का आयोजन किया गया। इसमें वाराणसी के लगभग सभी प्रमुख अखाड़ों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। पहलवानों ने जोड़ी, गदा और डंबल घुमाकर बल, संतुलन और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन किया। कठिन करतब देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। पूरे क्षेत्र में पारंपरिक अखाड़ा संस्कृति की झलक देखने को मिली।

