वाराणसी : जमुनीपुर दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम
वाराणसी। आराजी लाइन ब्लॉक क्षेत्र के मरूई जमुनीपुर चौराहा स्थित ऋषि नारायण शास्त्री जूनियर हाईस्कूल के खेल मैदान में रविवार को अखिल भारतीय पुरुष एवं महिला विराट कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन हुआ। इंडियन रेलवे में कार्यरत दंगल आयोजक जितेंद्र पहलवान की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों और प्रदेशों से आए नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया।

दंगल का शुभारंभ हिंद केसरी लालजी पहलवान, अंतर्राष्ट्रीय पहलवान मनोहर पहलवान, पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल, सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल, सपा जिला अध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान, आई.बी. सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, जिला पंचायत सदस्य दर्शन यादव व दिनेश सिंह यादव ने पहलवानों का हाथ मिलाकर किया। अतिथियों का स्वागत सह आयोजक सूर्यबली सिंह, सुधीर यादव, जयप्रकाश यादव उर्फ जेपी और संतोष बाबा ने माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं ‘यथार्थ गीता’ भेंट कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में वाराणसी के प्रमुख अखाड़ों के साथ-साथ दिल्ली, भदोही, गाजीपुर समेत कई जिलों के पुरुष और महिला पहलवानों ने भाग लिया। पुरुष वर्ग की सबसे बड़ी और रोमांचक कुश्ती 1 लाख 50 हजार रुपये की रही, जिसमें दिल्ली के शेरु पहलवान और गाजीपुर के रितेश पहलवान आमने-सामने हुए। जोरदार मुकाबले में रितेश ने शानदार दांव लगाते हुए शेरु को पटकनी दी और सर्वश्रेष्ठ विजेता बने।
महिला वर्ग में सजोई अखाड़े की दीक्षा पाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम किया। दंगल का संचालन मास्टर रामसेवक पहलवान, लालजी यादव ‘झगड़ु’ और राजेश यादव ने किया। कार्यक्रम में आईबी सिंह (प्रेसिडेंट ओबीटी), राम सिंह यादव, राजेश यादव उर्फ नत्थू, राजू यादव, मणि शंकर यादव, पूर्व प्रधान विनय कुमार सिंह, पंडित भैरव महाराज गुरुजी, अरविंद पहलवान, गौतम यादव और रेफरी मनोज पहलवान सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

