वाराणसी : महिला का फांसी के फंदे से लटकता मिला शव, घटना की छानबीन में जुटी पुलिस
वाराणसी। लालपुर-पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र के पाण्डेयपुर नई बस्ती में रविवार को किराये के मकान में महिला का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना की छानबीन शुरू कर दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

भदोही के कटरा बाजार निवासी अन्नू देवी की शादी वर्ष 2018 में अजीत कुमार से हुई थी। बताया जा रहा है कि दंपती पिछले नवंबर से पाण्डेयपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। घटना की जानकारी तब हुई जब मकान मालिक संतोष कुमार सिंह ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा खोलने पर अन्नू देवी का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। अन्नू के पति अजीत कुमार एक निजी कंपनी में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। वे किसी कार्य से बाहर गए हुए थे। सूचना मिलने पर जब वे घर पहुंचे तो पत्नी की मौत की खबर सुनकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

दंपती का एक पांच वर्षीय बेटा है, जो अब मां के साये से वंचित हो गया है। परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें मृतका के ससुर राजकुमार भी शामिल हैं, पास ही नई बस्ती में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां शोक और मातम का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए।

