वाराणसी : महिला का फांसी के फंदे से लटकता मिला शव, रास्ते के विवाद को लेकर थी परेशान, परिजनों ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के अहरक खास गांव में कविता उपाध्याय (50 वर्ष) का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। महिला रास्ते के विवाद को लेकर परेशान थी। इसको लेकर प्रशासन से कई बार गुहार लगाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की उदासीनता के चलते महिला ने आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों शव देने को तैयार नहीं थे, पुलिस उन्हें समझाने में जुटी रही।

परिजनों का आरोप है कि घर तक आने-जाने के लिए रास्ता नहीं मिलने की समस्या को लेकर कविता काफी समय से परेशान थीं। परिजनों के मुताबिक, उनके घर तक पहुंचने के लिए समुचित रास्ता उपलब्ध नहीं है। रास्ते को लेकर अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। उनका आरोप है कि इस समस्या को लेकर तहसील से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक कई बार प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

123

परिजनों का दावा है कि उनके पुराने कच्चे मकान के पीछे सरकारी जमीन नवीन परती के रूप में दर्ज है। आरोप है कि पड़ोस के पट्टीदारों ने इस जमीन पर कब्जा कर रास्ता बंद कर दिया है। ऐसे में परिवार को आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह घर तक आना-जाना पड़ता है। परिजनों का कहना है कि रास्ते की समस्या के कारण पूरा परिवार लंबे समय से मानसिक तनाव में है।

घटना के बाद परिजनों ने शव को अपने घर पर रखा और प्रशासन के अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करने की मांग की। परिजनों का कहना है कि जब तक संबंधित अधिकारी मौके पर आकर रास्ते की समस्या के संबंध में ठोस आश्वासन नहीं देते, तब तक वे आगे की कार्रवाई के लिए तैयार नहीं हैं।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी परिजनों से बातकर समझाने में जुटे रहे। प्रशासनिक स्तर पर रास्ते से जुड़े अभिलेखों और शिकायतों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की कि सरकारी भूमि और रास्ते की स्थिति की जांच कराकर घर तक आवागमन का स्थायी रास्ता उपलब्ध कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

Share this story