वाराणसी : एंबुलेंस को रास्ता देने में ई-रिक्शा से भिड़ी कूड़ा गाड़ी, महिला गंभीर, परिजनों ने मांगा मुआवजा
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर-नरिया मार्ग पर शनिवार को एंबुलेंस को रास्ता देने के दौरान नगर निगम की कूड़ा गाड़ी और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार सब्जी विक्रेता महिला शीला गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर के बाद उसका पैर ई-रिक्शा और डिवाइडर के बीच फंस गया। स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला और बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया। ई-रिक्शा में शीला समेत करीब चार-पांच महिलाएं सवार थीं। अन्य महिलाओं के सुरक्षित होने की जानकारी है।
टिकली चितईपुर निवासी शीला शनिवार को सुंदरपुर से सब्जी लेकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। इसी दौरान सुंदरपुर-नरिया मार्ग पर नगर निगम की कूड़ा गाड़ी जा रही थी। बताया गया कि पीछे से एंबुलेंस आने पर उसे रास्ता देने के लिए कूड़ा गाड़ी चालक ने वाहन को सड़क किनारे और डिवाइडर की ओर किया। इसी दौरान बगल से गुजर रहे ई-रिक्शा से उसकी टक्कर हो गई।
हादसे के बाद ई-रिक्शा असंतुलित हो गया और उसमें सवार महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान शीला का पैर ई-रिक्शा और डिवाइडर के बीच फंस गया। मौके पर जुटे लोगों ने किसी तरह महिला को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर भेजा गया। नगर निगम की कूड़ा गाड़ी का नंबर यूपी 65 केटी 1072 बताया गया है।
ट्रामा सेंटर में उपचार जारी
परिजनों के अनुसार, बीएचयू ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने जांच और एक्स-रे के बाद शीला के पैर की चोट को गंभीर बताया। डॉक्टरों ने परिजनों को स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया। हालत को देखते हुए उसे एक यूनिट ब्लड भी चढ़ाया गया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है।
शीला के छोटे बेटे विकास ने बताया कि हादसे में उसकी मां का पैर बुरी तरह चोटिल हुआ है। परिवार ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और इलाज के लिए उचित मुआवजे की मांग की है। परिजनों के मुताबिक परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। शीला के पिता कर्मन बिंद मंगला वाटिका में मजदूरी करते हैं। परिवार में तीन भाई और चार बहनें हैं। ऐसे में शीला के गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के खर्च को लेकर परिवार की चिंता बढ़ गई है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
हादसे की सूचना पर लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लिया। थाना प्रभारी राजकुमार के अनुसार, टोटो और कूड़ा गाड़ी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटाने के साथ परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

