वाराणसी : प्रेमी के घर पहुंची युवती, जमकर किया हंगामा
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवती अपने कथित प्रेमी के घर पहुंचकर उसके साथ रहने की जिद पर अड़ गई। युवक की पत्नी के विरोध के बाद घर के बाहर जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां घंटों तक पंचायत चलती रही।
युवती का दावा है कि उसका प्रेम संबंध पिछले सात वर्षों से युवक के साथ चल रहा था। दोनों के बीच आना-जाना था और लगभग एक वर्ष पूर्व वाराणसी के एक मंदिर में विवाह भी किया गया था। हालांकि परिवार की सहमति न मिलने के कारण वे साथ नहीं रह सके और चोरी-छिपे मिलते रहे। युवती का आरोप है कि इसी दौरान युवक ने उससे छिपाकर दूसरी शादी कर ली। विरोध करने पर युवक ने उसे भरोसा दिलाया कि वह उसे भी अपने साथ रखेगा, जिससे संबंध जारी रहे।
बताया जा रहा है कि युवक चेन्नई में काम करता है। युवती के अनुसार, करीब पंद्रह दिन पहले युवक के बुलाने पर वह दिल्ली पहुंची, जहां दोनों चार दिन साथ रहे। इसके बाद युवक उसे छोड़कर घर लौट आया और संपर्क करना बंद कर दिया। बुधवार को युवती सीधे उसके घर पहुंच गई और साथ रहने की मांग करने लगी। इस दौरान युवक की पत्नी से कहासुनी हो गई और कथित रूप से उसे धक्का देकर बाहर कर दिया गया।
मोहल्ले में शोर-शराबा बढ़ने पर लोगों की भीड़ जुट गई। मिर्जामुराद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर समझौते का प्रयास किया। युवती के परिजनों ने भी उसे वापस घर ले जाने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

