वाराणसी : महिला के साथ दुष्कर्म और मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा वांछित और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शिवपुर पुलिस को सफलता हाथ लगी। ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के अंतर्गत पुलिस ने दुष्कर्म, मारपीट और गर्भपात जैसे गंभीर आरोपों में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना शिवपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अरुण कुमार निवासी नया कांशीराम आवास को महादेव मंदिर के सामने से 29 अप्रैल की रात करीब 11:15 बजे गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना शिवपुर में मु0अ0सं0 0189/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने लिखित शिकायत देकर आरोपी पर दुष्कर्म, मारपीट और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक प्रवीण सचान द्वारा की जा रही है। इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक प्रवीण सचान और हेड कांस्टेबल अरविंद सरोज की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

