वाराणसी : तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से महिला की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सथवा गांव में सड़क हादसे में तीजा देवी (45 वर्ष) की मौत हो गई। वह रात लगभग 8 बजे सड़क किनारे पैदल जा रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला का शरीर लगभग 100 मीटर दूर जा गिरा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
तीजा देवी विधवा थीं और उनके चार बच्चे हैं दो बेटे और दो बेटियां। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के छोटे बेटे राजन भारद्वाज ने बताया कि वाहन की रफ्तार बहुत अधिक थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया।
सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग रही कि मृतका के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और वाहन चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। साथ ही लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे के दो घंटे बाद तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। सूचना पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा, लेकिन तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। पुलिस ने समझाकर शांत कराया।

