वाराणसी : बकरियों को बचाने के चक्कर में ट्रेन की चपेट में आए भाई-बहन, दोनों की मौत, परिवार में मचा कोहराम  

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के राजपुर गांव के पास बुधवार देर शाम हुए दर्दनाक रेल हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। रेलवे ट्रैक पर बकरी को हटाने के प्रयास में ट्रेन की चपेट में आई 19 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने दौड़ा उसका 17 वर्षीय भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान भाई ने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

राजपुर गांव निवासी अन्नू पाल की 19 वर्षीय पुत्री हीरामणि बुधवार शाम गांव के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे बकरियां चरा रही थी। इसी दौरान वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रेन वहां पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बकरियों को ट्रैक से हटाने के प्रयास में हीरामणि ट्रेन की चपेट में आ गई। बहन को खतरे में देखकर उसका छोटा भाई टिंकू पाल (17) उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी ट्रेन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे में हीरामणि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टिंकू को परिजन तत्काल कछवा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया, लेकिन गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

घटना के बाद परिजन पुलिस कार्रवाई के डर से मृतका का शव घर ले गए और उसे भूसा घर में रख दिया। सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल पर शव नहीं मिलने से कुछ समय तक असमंजस की स्थिति बनी रही। बाद में ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस परिजनों के घर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद करीब तीन घंटे पश्चात शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Share this story