वाराणसी : निवेश के नाम पर 56 लाख की ठगी से आहत महिला ने दी जान, पांच पर मुकदमा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। निवेश के नाम पर 56 लाख रुपये की ठगी और मानसिक उत्पीड़न से परेशान एक महिला द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका की बहन की तहरीर पर चेतगंज थाना क्षेत्र में एक महिला समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

राजनगर कॉलोनी, भास्करा तालाब (रोहनिया) निवासी नीलम यादव ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी बहन नूतन यादव कैंट क्षेत्र के फूलवरिया में अपने परिवार के साथ रहती थीं। आरोप है कि बिहार के बलिया जिले के सूरज कुमार, संदीप कुमार भारती, ममता जायसवाल, विष्णु जायसवाल और दीपक जायसवाल ने मिलकर नूतन को निवेश के नाम पर झांसे में लिया।

बताया गया कि आरोपियों ने फॉरेक्स, क्रिप्टो और रियल एस्टेट में पैसा दोगुना करने का लालच देकर नूतन यादव से 56 लाख रुपये का निवेश कराया। इतना ही नहीं, उन्होंने रिश्तेदारों से भी पैसे लगवाए। कुछ समय बाद जब नूतन को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए, तो आरोपियों ने उन पर और अधिक निवेश का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

परिजनों के अनुसार, इस दौरान मुख्य आरोपी विष्णु जायसवाल ने नूतन के कुछ वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी और 11 लाख रुपये की मांग करने लगा। लगातार मानसिक दबाव और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर नूतन यादव ने यह गंभीर कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए चेतगंज थाना पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share this story