वाराणसी : गैस एजेंसी से जुड़ी महिला कारोबारी ने लगाया धोखाधड़ी का आरोप, केस दर्ज
वाराणसी। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में गैस एजेंसी से जुड़ी एक महिला कारोबारी के साथ कथित धोखाधड़ी और फर्जी पार्टनरशिप डीड तैयार करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह “शिव शक्ति भारत गैस ग्रामीण वितरक” की प्रोपराइटर हैं। आरोप है कि शिवजी सोनकर नामक व्यक्ति ने गैस व्यवसाय में निवेश और सहयोग का भरोसा दिलाकर उनसे संपर्क बढ़ाया। बाद में उन्हें अलग-अलग बहाने से वाराणसी और दिल्ली ले जाया गया। इस दौरान उनकी तबीयत खराब होने पर दवा देकर अचेत जैसी स्थिति में रखा गया।
महिला का आरोप है कि इसी बीच शिवजी सोनकर और सीता सोनकर ने कथित रूप से फर्जी तरीके से पार्टनरशिप डीड तैयार करा ली। इसकी जानकारी उन्हें बाद में बीपीसीएल की ओर से मिली। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने किसी प्रकार की कोई पार्टनरशिप नहीं की और उनके हस्ताक्षर व दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया है।

