वाराणसी : गहने चोरी कर ले लिया गोल्ड लोन, पुलिस ने आरोपी महिला को पकड़ा, आभूषण बरामद
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए एक महिला चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। महिला ने गहने चोरी करने के बाद निजी फाइनेंस कंपनी से गोल्ड लोन ले लिया था। पुलिस ने आभूषण बरामद कर लिया है।
26 मार्च को करौंदी निवासी अच्छेलाल पटेल ने अपने घर में हुई चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके मकान से अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए थे। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर काशी जोन पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए साक्ष्य संकलन और सुरागरसी के आधार पर एक संदिग्ध महिला की पहचान की। जांच के दौरान अभियुक्ता कुमारी सृजन उर्फ गड्डन, निवासी मीरापुर बसही थाना शिवपुर का नाम प्रकाश में आया। इस पर आरोपी महिला को सोमवार को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्ता ने स्वीकार किया कि उसने अपनी बहन के कहने पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसने बताया कि चोरी के कुछ आभूषण उसने घर के पास खाली प्लॉट और झाड़ियों में छिपा दिए थे, जबकि कुछ जेवर गिरवी रखकर IIFL फाइनेंस से लगभग डेढ़ लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर संबंधित संस्था से जेवर छुड़ाकर बरामद किए।
बरामद आभूषणों में झुमका, दो सोने की अंगूठियां और कान के कुंडल शामिल हैं। पुलिस ने सभी बरामद सामान को विधिवत सील कर मालखाने में जमा करा दिया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, महिला उपनिरीक्षक ममता सक्सेना, हेड कांस्टेबल सतीशचंद्र यादव, महिला कांस्टेबल सुमन शामिल रहे।

