वाराणसी : नशीला पदार्थ सूंघाकर किशोरियों को ले गई अपने साथ, आरोपी महिला गिरफ्तार, दर्ज हैं चार मुकदमे
वाराणसी। रोहनिया थाना पुलिस ने मानव तस्करी से संबंधित मामले में वांछित एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला पर दो नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और नशीला पदार्थ सुंघाकर तस्करी करने के आरोपों से जुड़े मुकदमे में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार महिला की उम्र करीब 32 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को उसे रोहनिया थाना क्षेत्र के टेंगड़ा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस आयुक्त वाराणसी की ओर से अपराध एवं अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया के नेतृत्व में थाना पुलिस की टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान महिला को गिरफ्तार किया गया।
नाबालिगों को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 14 मार्च 2025 को एक व्यक्ति ने रोहनिया थाने में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि उसकी करीब 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री और उसकी 13 वर्षीय सहेली को आरोपितों ने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। शिकायत में नशीला पदार्थ सुंघाकर तस्करी किए जाने का भी आरोप लगाया गया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। मामले की जांच उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राजपूत कर रहे हैं।
चार मुकदमों में नामजद
पुलिस की ओर से जारी विवरण के अनुसार, गिरफ्तार महिला का नाम चार आपराधिक मुकदमों में दर्ज है। इनमें रोहनिया थाने में मानव तस्करी से संबंधित मामला, सारनाथ थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराओं में दर्ज मुकदमा, आजमगढ़ के मेहनाजपुर थाने में बीएनएस की धाराओं में दर्ज मामला और चंदौली के बलुआ थाने का एक मुकदमा शामिल है। पुलिस टीम में रोहनिया थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राजपूत, हेड कांस्टेबल अमरनाथ यादव, जयकांत पांडेय, चंद्रदीप मौर्य और महिला कांस्टेबल रचना सरोज शामिल रहीं।

