वाराणसी : विवाद के बाद ट्रेन में पथराव, महिला और बच्चा घायल, आरोपी युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर बनारस-उधना एक्सप्रेस में चढ़ने और उतरने को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद एक युवक ने ट्रेन पर पथराव कर दिया, जिससे ट्रेन के अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए, जबकि कोच की खिड़की का शीशा भी टूट गया। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

20 मई बुधवार को ट्रेन संख्या 20962 बनारस–उधना एक्सप्रेस ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर रुकी हुई थी। इसी दौरान यात्रियों के बीच ट्रेन में चढ़ने और उतरने को लेकर विवाद शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने गुस्से में ट्रेन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।

पथराव की चपेट में ट्रेन के एस-1 कोच की सीट संख्या 31 पर बैठी महिला और एक बच्चा आ गए, जिन्हें चोटें आईं। वहीं पत्थर लगने से कोच की खिड़की का शीशा टूट गया। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई और स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही गश्त कर रही जीआरपी और आरपीएफ टीम मौके पर पहुंच गई। रजोल नागर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अवधेश बिंद पुत्र भानु प्रताप बिंद निवासी नंदपुर, थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही के रूप में हुई है।

आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 152 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल महिला का परिवार राजस्थान जा रहा था। परिवार ने गंतव्य पर पहुंचने के बाद चिकित्सीय और कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने की बात कही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share this story