78 करोड़ से बनेगा वाराणसी का नया पुलिस मुख्यालय, राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने किया भूमि पूजन
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया भवन, राजपत्रित अधिकारियों के लिए बनेगा आवासीय परिसर
वाराणसी। पुलिस विभाग को जल्द ही नया और आधुनिक पुलिस मुख्यालय भवन मिलेगा। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने गुरुवार को करीब 78 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नवीन पुलिस मुख्यालय भवन के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि नए पुलिस मुख्यालय के निर्माण से पुलिस विभाग को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भवन को वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यों के लिए बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित पुलिस मुख्यालय परिसर में राजपत्रित अधिकारियों के लिए आवासीय भवन की सुविधा भी विकसित की जाएगी। इससे अधिकारियों को कार्यालय के साथ आवासीय सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी। आधुनिक व्यवस्थाओं से युक्त नया परिसर पुलिस विभाग के कामकाज को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने में सहायक होगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि करीब 78 करोड़ रुपये की यह परियोजना वाराणसी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण है। नए भवन में अधिकारियों और कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे विभागीय कार्यों के संचालन में भी सुविधा होगी। भूमि पूजन के बाद राज्यमंत्री ने कार्यदाई संस्था के अभियंताओं को निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता नहीं होनी चाहिए। परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी मानकों का पालन करते हुए पूरा किया जाए।
कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एसीपी शिवहरि मीणा समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि नवीन पुलिस मुख्यालय के निर्माण से विभागीय व्यवस्थाओं को आधुनिक स्वरूप देने के साथ पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

