कचरा निस्तारण में मॉडल बनेगा बनारस, केंद्रीय सचिव ने करसड़ा और रमना प्लांट का किया निरीक्षण, पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर की स्वच्छता व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली का जायजा लेने पहुंचे भारत सरकार के सचिव श्रीनिवास कटिकिथला और संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा करसड़ा और रमना प्लांट का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्लांट में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं, अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया और संचालन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की तथा अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्रीनिवास कटिकिथला ने प्लांट में संचालित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से ठोस अपशिष्ट के संग्रहण, प्रसंस्करण और निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली तथा विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सतत प्रयास जारी रखने पर जोर दिया।

123

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए श्रीनिवास कटिकिथला एवं संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा ने प्लांट परिसर में पौधरोपण भी किया। दोनों अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में वृक्षारोपण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा सतत विकास के लिए दोनों क्षेत्रों में निरंतर कार्य करना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्लांट में उपलब्ध संसाधनों, संचालन प्रणाली और कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। साथ ही भविष्य में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए। अधिकारियों ने नगर निगम की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, सहायक नगर आयुक्त इंद्र विजय सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story