Varanasi Weather : वाराणसी में सर्दी का सितम, घना कोहरा, पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम
वाराणसी। ठंड अब सितम ढाने लगी है। तापमान में लगातार गिरावट और पहाड़ों से चल रही बर्फीली हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर विवश कर दिया है। सुबह घने कोहरे के साथ हो रही हैं। वहीं कोहरा छंटने के बाद दोपहर में हल्की धूप खिल रही। शाम ढलते ही दोबारा गलन और ठंड बेहाल कर दे रही। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम फिर करवट लेगा। उसके बाद ठंड में और इजाफा होने के आकार हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
शनिवार की सुबह वाराणसी जिले में कोहरे की चादर से ढकी रही। दिन में धूप निकली, लेकिन हवा में अधिक नमी के कारण ठंड से राहत नहीं मिली। मौसम में आए इस बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटों में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बर्फीली हवाएं चलने और ठंड के बढ़ने की संभावना जताई है।
जनवरी के पहले सप्ताह से ही मौसम ने करवट ली है। कोहरे और पछुआ हवाओं के प्रभाव के कारण इस सप्ताह न्यूनतम तापमान 10 वर्षों में पहली बार 5.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। शनिवार को हवा में अधिक नमी रहने के कारण ठंड का असर और बढ़ गया। रात 10 बजे से ही घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता कम हो गई।
तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो शनिवार को गिरकर 14.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह औसत से 6.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि आने वाले दिनों में एक और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ठंड बढ़ने की आशंका है। कोल्ड वेव की स्थिति भी बन सकती है। उन्होंने कहा कि कोहरे और ठंडी हवाओं का असर अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।