Varanasi Weather: दो दिन बाद पहुंचेगा पश्चिमी विक्षोभ, मौसम में उतार-चढ़ाव, बारिश का अलर्ट 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। तेज धूप के चलते वाराणसी में तापमान 37 डिग्री के ऊपर पहुंच गया और शहर प्रदेश में तीसरा सबसे गर्म शहर बन गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को वाराणसी समेत आसपास के इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश के आसार जताए हैं। वहीं रविवार को तीसरा पश्चिमी विक्षोभ वाराणसी में दस्तक दे सकता है। ऐसे में 30, 31 मार्च और 1 अप्रैल को वाराणसी में बारिश के आसार हैं। 

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रविवार को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे सकता है। इसका प्रभाव आने वाले दिनों में मौसम पर साफ तौर पर देखने को मिलेगा। इस बदलाव के कारण वाराणसी सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 से 31 मार्च के बीच बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। गुरुवार को हमीरपुर और प्रयागराज के बाद वाराणसी तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। 

शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम होकर 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए विभाग ने चेतावनी जारी की है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Share this story