Varanasi Weather: फिर एक्टिव हो रहा पश्चिमी विक्षोभ, बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
वाराणसी। बंगाल की खाड़ी में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव के चलते चार दिन बाद यानी 28 अक्टूबर को वाराणसी समेत पूर्वांचल के जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बेमौसम बारिश से धान की फसल को नुकसान की आशंका है। ऐसे में किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 23 अक्टूबर को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना है, जो 26 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव के चलते वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, गाजीपुर और बलिया में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अगले 24 घंटे के दौरान छिटपुट बारिश के आसार हैं।
अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में बारिश से धान की कटाई और खेतों में सूख रही फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखें और कटाई के लिए तैयार फसलों को सुरक्षित रखने की व्यवस्था करें।

