Varanasi Weather: गुजर गया पश्चिमी विक्षोभ, अब चलेगी लू, बढ़ेगा तापमान
वाराणसी। अप्रैल के शुरुआती दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा। बेमौसम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ गुजरने के बाद मौसम बदलेगा। मौसम विभाग ने लू चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले दो-तीन दिनों में तापमान में 8 डिग्री तक वृद्धि के आसार हैं।

मार्च के आखिरी दिनों से लेकर अप्रैल के शुरुआती दिनों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम बार-बार बदलता रहा। कभी धूप को कभी छांव की स्थिति रही। वहीं बीच-बीच में आंधी-बारिश का प्रकोप भी जारी रहा। इससे तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। ऐसे में अप्रैल में लोगों को सिहरन महसूस होने लगी।

पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद वाराणसी समेत आसपास के जिलों में मौसम साफ हो गया है। 10, 11 और 12 अप्रैल को सूखी हवा बहने का पूर्वानुमान है। 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से लू चल सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि फिलहाल कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है। अब मौसम साफ रहेगा। इससे तापमान 8 डिग्री तक बढ़ सकता है। रात का तापमान भी 4-5 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।


