Varanasi Weather: पछुआ हवा ने बढ़ाई ठंड, दिन में धूप होने लगी बेअसर, रात में गलन और ठिठुरन बढ़ी
वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते इनदिन ठंड का असर बढ़ गया है। दिन में धूप का असर कम हो गया है। वहीं रात में गलन और ठिठुरन महसूस हो रही है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो दो-तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने के आसार हैं।
रविवार को दिन भर पछुआ हवाएं चलीं। इसके चलते तापमान में गिरावट देखी गई। अधिकतम और न्यूनतम तापमान औसत से नीचे रहा। अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस, जो औसत से 1.2 डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान औसत से 0.6 डिग्री सेल्सियस कम होकर 10.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से ही मौसम में बदलाव हुआ है। उत्तर पश्चिम हवाओं का असर अभी अगले दो-तीन दिनों तक जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान तापमान औसत से नीचे रहने का अनुमान है।

