Varanasi Weather: वाराणसी में फिर बिगड़ेगा मौसम, बारिश का यलो अलर्ट
वाराणसी। मार्च में मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। पश्चिमी विक्षोक्ष के दोबारा सक्रिय होने की वजह से मौसम फिर खराब होगा। मौसम विभाग ने 27 मार्च को वाराणसी और आसपास के जिलों में हवा के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इससे तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं बेमौसम बरसात फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते सोमवार तक मौसम खराब रहा। आसमान में बादल छाए रहे। वहीं कई इलाकों में बूंदाबांदी होती रही। हालांकि मंगलवार को मौसम साफ हुआ और धूप खिली। अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 27 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और बीच-बीच में हल्की बारिश भी हो सकती है।

