Varanasi Weather: वाराणसी में मौसम खुशनुमा, 26.6 डिग्री तापमान, जानिये अगले तीन दिनों के मौसम का हाल
वाराणसी। पिछले कुछ दिनों से भीषण उमस और गर्मी से जूझ रहे वाराणसीवासियों को शनिवार को मौसम ने राहत दी। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में हुई बूंदाबांदी के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, मौसम विभाग द्वारा बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन शाम तक अच्छी वर्षा नहीं हो सकी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।

मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर साफ दिखाई दिया। शुक्रवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस था, जो शनिवार को गिरकर 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 26.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों तक वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है। किसानों के लिए भी यह मौसम लाभदायक माना जा रहा है, क्योंकि बारिश से धान सहित खरीफ फसलों को फायदा मिलेगा।

