Varanasi Weather: वाराणसी में बदला मौसम का मिजाज, तापमान में गिरावट, अगले हफ्ते बारिश के आसार
वाराणसी। तीन दिन पहले आई आंधी और बारिश के बाद शहर के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर धूप निकल रही है, वहीं हवा में नमी अधिक होने के कारण गर्मी का असर कम महसूस हो रहा है। शनिवार को भी ऐसा ही मिला-जुला मौसम बना रहा, जिसमें सुबह नम हवाएं चलीं और दिन में धूप के साथ बादलों की आवाजाही जारी रही। अगले सप्ताह फिर आंधी-बारिश के आसार हैं।

मौसम के इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ नजर आया। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.4 डिग्री कम होकर 21.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मई जैसे गर्म महीने में इस तरह का सुहावना मौसम कम ही देखने को मिलता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
सुबह के समय चल रही पुरवा हवाओं में नमी सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रही, जिससे वातावरण में हल्की ठंडक बनी रही। दिन में धूप निकलने के बावजूद तेज गर्मी महसूस नहीं हुई और शाम तक मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पुरवा हवाओं के प्रभाव के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। अगले सप्ताह की शुरुआत में मौसम फिर करवट ले सकता है। सोमवार और मंगलवार को तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं, जिससे तापमान में और गिरावट संभव है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान से संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में वाराणसीवासियों को गर्मी से कुछ और राहत मिल सकती है, हालांकि बीच-बीच में उमस बनी रह सकती है।

