Varanasi Weather : बनारस में मौसम में उतार-चढ़ाव, धूप-छांव का खेल जारी, जानिये मौसम विभाग का अलर्ट

वाराणसी। मौसम इस समय बार-बार बदल रहा है। कभी धूप परेशान कर रही तो कभी छांव राहत दे रही है। इसी बीच बूंदाबांदी और तेज हवा के चलते तापमान में गिरावट आई है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत है। हालांकि उमस बरकरार है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले दिनों में आंधी और बारिश के आसार हैं।
शुक्रवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में धूप ने झुलसाया, लेकिन शाम होते ही बादलों की आवाजाही बढ़ने और हवा चलने से मौसम सुहाना हो गया। इससे घाटों और सड़कों पर भीड़ बढ़ गई।
मौसम विभाग की ओर से आने वाले एक-दो दिनों में तेज हवा के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। वहीं हल्की से तेज बारिश के आसार हैं। बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है।