Varanasi Weather : बूंदाबांदी से बदला मौसम, 4 डिग्री तक गिरा तापमान, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ के चलते वाराणसी में मौसम शुक्रवार को बदल गया। दिन में बादल छाए रहे। वहीं हवा चलती रही। देर रात कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। नमीयुक्त हवा और बारिश के चलते तापमान में 4 डिग्री से अधिक की गिरावट आई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 22 मार्च तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। मौसम साफ होने के बाद तापमान में दोबारा तेजी से वृद्धि के आसार हैं।

वाराणसी में तीखी धूप निकल रही थी। इससे पिछले एक पखवारे से शहर का तापमान औसत से ऊपर था। शुक्रवार को बूंदाबांदी और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिन का तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जिससे मौसम सुहावना हो गया।
रात में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं और हल्की बारिश का असर सुबह तक बना रहा। अधिकतम तापमान करीब 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिला है और 22 मार्च के बाद तापमान में 5-7 डिग्री तक वृद्धि की संभावना है।
मौसम में इस बदलाव का असर खेती-किसानी पर भी पड़ रहा है। बारिश और तेज हवाओं के कारण गेहूं, सरसों और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सतर्क रहने और फसलों की समय पर कटाई व सुरक्षित भंडारण की सलाह दी है। फिलहाल मौसम में ठंडक बनी हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में तापमान फिर बढ़ने के संकेत हैं।

