Varanasi Weather: वाराणसी में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी-बारिश से गिरा तापमान, अगले तीन दिन ऐसा ही रहेगा मौसम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले में सोमवार की देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश ने पूरे शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों को भिगो दिया। करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के साथ गरज-चमक और तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों तक इसी तरह आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।

123

पिछले एक सप्ताह में यह दूसरी बार है जब बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। इससे पहले 29 अप्रैल को आई आंधी और बारिश ने भी मौसम को ठंडा कर दिया था। उसी के बाद से नम पुरवा हवाओं का प्रभाव बना हुआ है और आसमान में बादलों की आवाजाही लगातार जारी है।

123

सोमवार को सुबह से ही मौसम में नमी महसूस की जा रही थी और तेज धूप का असर भी कम रहा। शाम करीब 6:30 बजे अचानक तेज हवाएं चलने लगीं, जिसके बाद शहर के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। लहुराबीर, महमूरगंज, सिगरा, नदेसर, चौकाघाट, लहरतारा, मंडुवाडीह और लंका जैसे क्षेत्रों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश दर्ज की गई। लगभग एक घंटे तक रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई।

123

मौसम में इस बदलाव से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर यातायात और दैनिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है। तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है और तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

Share this story