Varanasi Weather: भीषण गर्मी से तपा बनारस, देश का दूसरा सबसे गर्म शहर, बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम, मौसम में बदलाव के आसार
वाराणसी। भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण वाराणसी इन दिनों आग उगल रहा है। मंगलवार को वाराणसी देश का दूसरा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग पांच डिग्री अधिक 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं प्रयागराज का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बन रहा है। मौसम में बदलाव के आसार हैं।

दिनभर तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में रहने को मजबूर दिखे। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर लोग गमछे, तौलिये और कपड़ों से चेहरा ढंककर गर्मी से बचाव करते नजर आए।

मौसम विभाग के अनुसार वाराणसी का न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की सक्रियता में देरी के कारण पूर्वांचल के जिलों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। हालांकि बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमीय सिस्टम के चलते अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना बनी हुई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 20 जून के बाद प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने की संभावना है। मानसून की दस्तक से पहले आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। इसके बावजूद अगले चार से पांच दिनों तक तापमान में विशेष राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

