Varanasi Weather: अप्रैल में तपने लगा बनारस, पारा 42 के पार, धूप की तल्खी और गर्म हवा के थपेड़े करने लगे बेजार
वाराणसी। अप्रैल में ही बनारस तपने लगा है। बुधवार को तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तीखी धूप और लू के थपेड़े लोगों को झुलसाने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल कोई मौसम तंत्र सक्रिय न होने के कारण बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के आसार हैं।

बुधवार को स्थिति यह रही कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण सुबह 10 बजे के बाद ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा। दोपहर के समय तो हालात और भी खराब हो गए, जब लोग घरों में कैद रहने को मजबूर दिखे। खासकर घाटों और प्रमुख बाजारों में भीड़ काफी कम नजर आई। पर्यटक भी गर्मी से बचने के लिए होटलों में ही रुके रहे और बाहर निकलने से परहेज करते दिखे।

मौसम विभाग के अनुसार, दिनभर चल रही गर्म हवाओं (लू) ने तापमान में और बढ़ोतरी की। हवा की गति 6 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस हुआ। वहीं रात के समय भी राहत नहीं मिल रही है। न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रात में भी गर्मी बनी रही।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले 4 से 5 दिनों तक तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने, धूप में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

