Varanasi Weather : दक्षिण की तरफ खिसकी ट्रफ लाइन, मानसून की रफ्तार थमी, जानिये कब शुरू होगा बारिश का दौर
वाराणसी। जून महीने में समय से दस्तक देने वाले मानसून ने जहां लोगों को राहत की उम्मीद दी थी, वहीं अब इसकी रफ्तार थम जाने से फिर से गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जुलाई की शुरुआत में हुई कुछ अच्छी बारिश के बाद अब पिछले तीन दिनों से तीखी धूप और हवा की कमी के कारण तापमान में इजाफा दर्ज किया गया है।
रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक 35.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के समय चिलचिलाती धूप और रात में उमस भरी गर्मी से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की सक्रियता में कमी के पीछे मानसून द्रोणिका (ट्रफ लाइन) का दक्षिण की ओर खिसकना एक मुख्य कारण है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि वर्तमान में मानसून की द्रोणिका शहर के दक्षिणी क्षेत्र की ओर चली गई है, जिससे वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में वर्षा की संभावना बहुत कम हो गई है।
हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 10 जुलाई के बाद मौसम में दोबारा बदलाव आ सकता है और बारिश की संभावना बन सकती है। ऐसे में लोगों को आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस से जूझना पड़ सकता है। फिलहाल लोग मानसून की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, ताकि उमस और गर्मी से राहत मिल सके।

