Varanasi Weather: दीपावली के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, कोहरे के आसार
वाराणसी। दीपावली के बाद मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल दिन में धूप से गर्माहट बनी हुई है, लेकिन शाम होते ही ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। रात में बाहर निकलने वाले लोगों को अब हल्के गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम में आए इस बदलाव के बीच आने वाले दिनों में कोहरे की दस्तक के भी आसार बन रहे हैं।
शनिवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा और दिन में धूप खिली रही। हालांकि, शाम ढलते ही वातावरण में ठंडक बढ़ गई। पिछले तीन-चार दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिला है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। रात में तापमान में गिरावट के कारण लोगों को हल्की ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, दिवाली के बाद से ही कोहरे की दस्तक के आसार बनने लगे हैं। तापमान में कमी आने के साथ ठंड बढ़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में सुबह के समय धुंध और कोहरे का असर दिखाई दे सकता है।

