Varanasi Weather: आंधी-बूंदाबांदी के बाद वाराणसी में मौसम खुशनुमा, जानिये कब दस्तक देगा मानसून
वाराणसी। जिले में पिछले पांच दिनों तक भीषण गर्मी और उमस के बाद गुरुवार की भोर में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी के बाद मौसम खुशनुमा हो गया है। नमीयुक्त पुरवा हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है। वहीं आसमान में बादल छाए हैं। मौसम विभाग के अनुसार 20 जून के बाद मानसून वाराणसी में दस्तक दे सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया और यह 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के कारण दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली।
बुधवार को दिन में तीखी धूप ने झुलसाया। वहीं रात में गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे। गुरुवार की भोर में नमीयुक्त पुरवा हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट आई। इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि मानसून की बारिश शुरू होने के बाद तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

